लंदन, 14 जून
किसी को पसंद हो या नहीं, लेकिन लुभावनी इंडियन प्रीमियर लीग को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और यहां चल रही विश्व ट्वेंटी-20 चैम्पियनशिप में हिस्सा ले रही टीमों के लिए यह वरदान और श्राप दोनों को साबित हो रहा है।
वेस्टइंडीज के ड्वेन ब्रावो और श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान जैसे खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय आईपीएल को दिया, जिसमें भारतीय उद्योगपतियों और बालीवुड सितारों ने करोड़ों डॉलर खर्च करके अपनी टीमों के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को खरीदा।
हालांकि ट्वेंटी-20 विश्व कप से पहले दक्षिण अफ्रीका में संपन्न आईपीएल भारत के लिए मिश्रित अहसास वाला रहा। गत-विजेता टीम को उपकप्तान और धाकड़ सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग की सेवाओं से महरूम रहना पड़ा जो दिल्ली डेयरडेविल्स की अगुआई करते हुए अपने कंधे पर चोट लगा बैठे।
इंग्लैंड ने अनुभवी ऑलराउडर एंड्रयू फ्लिंटॉफ को गंवा दिया, जो चेन्नई सुपरकिंग्स के साथ खेलते हुए चोटिल हो गये। चेन्नई की टीम ने उन्हें रिकार्ड 15.5 लाख डॉलर में खरीदा था।
न्यूजीलैंड के कप्तान डेनियल विटोरी भी आईपीएल के दौरान कंधे में लगी चोट के कारण विश्व कप के लीग चरण और आयरलैंड के खिलाफ सुपर आठ के पहले मैच में नहीं खेल सके।
भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने हालांकि सहवाग की अनुपथिति के लिए आईपीएल को दोषी ठहराने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा, 'चोटें खिलाड़ियों के जीवन का हिस्सा है। यह कभी भी कहीं भी लग सकती हैं। इसके लिए आईपीएल को दोषी ठहराना ठीक नहीं है।'
हालांकि खिलाड़ियों का मानना है कि आईपीएल से उनके स्तर में इजाफा हुआ। लार्ड्स में नाबाद 68 रन और चार विकेट हासिल करके भारत पर वेस्टइंडीज की जीत के नायक बने ब्रावो ने कहा कि उन्हें आईपीएल में सीखे कौशल का फायदा मिला।
आईपीएल में मुंबई इंडियन्स के लिए खेलने वाले ब्रावो ने कहा, 'मैं दूसरी बार आईपीएल में खेल रहा था। दोनों बार मुझे काफी अनुभव मिला। दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने से आपको काफी कुछ सीखने को मिलता है।'
उन्होंने कहा, 'झे लगता है कि मेरे साथ भी ऐसा ही हुआ।' श्रीलंका के तीन मैचों में अब तक दो अर्धशतक और नाबाद 46 रन की पारी खेलने वाले दिलशान ने कहा कि विकेटकीपर के सिर के उुपर से खेला जाने वाले उनके ट्रडमार्क स्कूप शाट को उन्होंने आईपीएल में इजाद किया।
उन्होंने कहा, 'मैंने पहली बार इस शॉट को दो माह पहले आईपीएल में खेला था। मेरे अंदर अब आत्मविश्वास आ गया है और मुझे अपने ऊपर विश्वास है कि मैं यह शाट खेल सकता हूं।
(भाषा)