मुंबई: 4 अगस्त 09
कोलकाता नाइटराइडर्स के कप्तान को लेकर चला आ रहा संस्पेस अभी बरकरार है। सोमवार को मुंबई में शाहरुख खान के घर चली लंबी बैठक के बाद भी टीम की कप्तानी और कोच को लेकर कोई फैसला नहीं हो पाया है।
मुंबई में टीम प्रबंधन की मैराथन बैठक के बाद भी कप्तान के नाम का एलान नहीं किया गया। टीम प्रबंधन की ओर से कहा गया कि नए कप्तान के बारे में इस महीने के बाद फैसला किया जाएगा। सौरव गांगुली को एक बार फिर कप्तान बनाए जाने की अटकलों के बीच टीम प्रबंधन ने साफ कर दिया कि उनका टीम में खास रोल होगा।
बैठक शुरू होने से पहले यह माना जा रहा था कि टीम प्रबंधन कप्तान के तौर पर सौरव गांगुली के नाम का एलान कर सकती है, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। टीम के निदेशक जॉय भट्टाचार्य ने कहा कि दादा टीम में मेंटर के रूप में अहम रोल निभाएंगे।
बैठक में शाहरुख खान और जय मेहता के साथ गांगुली ने भी बैठक की। लेकिन, बैठक कप्तान पर किसी तरह के फैसले के बिना ही खत्म हो गई।
मीडिया में आ रही खबरों के मुताबिक केकेआर के कोच के लिए जॉन राइट के साथ साथ पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कोच रिचर्ड पायबस का नाम भी चल रहा है। पायबस 1999 से 2003 तक दो बार पाकिस्तानी टीम के कोच थे।
गौरतलब है कि आईपीएल 2 में शाहरुख की टीम अंतिम स्थान पर रही थी। टीम के खराब प्रदर्शन पर कोच जॉन बुकानन को बर्खास्त कर दिया गया था।